भविष्य के लिए एक पत्र (A Letter For Future)
प्रिय,
यह पत्र मैं, सितंबर 2025 से, तुम्हारे नाम लिख रहा हूँ। मैं नहीं जानता कि तुम इसे कब पढ़ोगे—शायद दस साल बाद, या शायद एक सदी बाद। लेकिन इसे लिखते हुए मेरे शब्दों का वजन मेरे हृदय से कहीं ज्यादा भारी है, क्योंकि यह एक क्षमा-याचना से ज्यादा, एक आत्मस्वीकारोक्ति है।
कैसी है तुम्हारी दुनिया की तस्वीर? क्या वहाँ शुद्ध हवा में साँस लेना अब भी एक हक़ है, या केवल ख़्वाब? क्या तुम नदियों का स्वच्छ पानी पीते हो या फिर उसे शुद्ध करने का पैसा खर्च करते हो? क्या तुम्हारे समाज में इंसानियत अब भी उसकी धड़कन तलाशती है? या फिर... हमने जो गलतियाँ कीं, उनकी सजा का कर्ज तुम आज भी चुका रहे हो?
मैं उस दौर से लिख रहा हूँ जहाँ हमारे पास विकल्प थे, मगर समझ की कमी थी।
(यह कहना गलत नहीं होगा कि समझ तो थी — AI का युग शुरू हो चुका है, ऐसा लगता है जल्द ही कई जगहों पर AI और रोबोट्स हमारी जगह ले लेंगे। टेक्नोलॉजी पहले से कहीं बेहतर है, परन्तु क्या हमारी मानवता उसी रफ़्तार से विकसित हो पा रही है?)
“हम AI को मानवता का उद्धारकर्ता बता रहे हैं, पर कहीं ऐसा तो नहीं कि हम अपनी जिम्मेदारियों से भागने का एक और रास्ता ढूंढ रहे हैं?”
हमने नदियों को गंदे नालों में बदल दिया और सोचा, "
कोई बात नहीं, पानी तो आता ही रहेगा।"
हमने पेड़ों की अंधाधुंध कटाई की और कंक्रीट के जंगल खड़े कर दिए, यह सोचकर कि यही 'विकास' है।
हमने धर्म के नाम पर एक-दूसरे से नफ़रत की और भूल गए कि उसका असली मतलब 'इंसानियत' है।
हमने प्लास्टिक के ढेर लगा दिए और सुविधा के नाम पर अपनी धरती की नसों में जहर घोल दिया।
“हमने मशीनों को सोचना सिखाया, पर खुद सोचना बंद कर दिया।”
हम जानते थे कि यह सब गलत है। हमारे पास इन सबको सुधारने के तरीके, तकनीक और विकल्प मौजूद थे। लेकिन हमने अनदेखा किया। हमने 'आज' की सुविधा को 'कल' की सुरक्षा से ऊपर रखा। हमने लालच को जरूरत से ज्यादा तवज्जो दी।
तुम्हें शायद यकीन न हो, लेकिन हममें से कई लोग कोशिश भी कर रहे थे। कुछ लोग पेड़ लगा रहे थे, कुछ नदियों को साफ करने में जुटे थे, कुछ लोग समाज को समझा रहे थे। मगर हमारी आवाज़ लालच और उदासीनता के शोरगुल में दब सी गई।
“इस पत्र का सबसे दुखद हिस्सा यह है कि इसे लिखते वक्त मुझे पता है कि यह कुछ नहीं बदलने वाला। फिर भी, मुझे लिखना ही था।”
यह पत्र लिखने का मेरा मकसद सिर्फ़ यही है कि तुम जान सको— हमें गहरा अफ़सोस है। हमने तुम्हारी विरासत को अपनी लापरवाही से नष्ट कर दिया।
हमें माफ़ कर देना।
तुम्हारा,
जीवेश चांदवानी (2025 से)
P.S. - अगर तुम्हारा आकाश हमारे से ज्यादा नीला है, तो उसकी रक्षा का वचन देना। और अगर धुंधला है, तो जान लेना कि यह धुंधलक हमारी आँखों से निकले उन आँसुओं का है, जो हमने कभी नहीं बहाए।
Comments
Post a Comment